फर्जी दुष्कर्म केस से रंगदारी का खेल: महिला जेल में, साथी फरार; पहले भी कई युवकों को फंसाया

आगरा के सिकंदरा थाना पुलिस ने एटा की एक महिला को फर्जी दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला का साथी नितिन उर्फ पंकज उपाध्याय फरार है, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मामला अप्रैल 2024 का है, जब इस महिला ने योगेंद्र सिंह के खिलाफ सिकंदरा थाने में जहरखुरानी, जान से मारने की धमकी, सामूहिक दुष्कर्म और रंगदारी का केस दर्ज कराया था। जांच में पुलिस को महिला के आरोपों की पुष्टि के लिए कोई सबूत नहीं मिला, जिसके बाद मामले में अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई।

इसके बाद, योगेंद्र के परिवार के सदस्य यदुवेंद्र सिंह ने महिला और उसके साथी नितिन के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज कराया। यदुवेंद्र के अनुसार, योगेंद्र 2021 में एटा में बीटीसी कोर्स के दौरान एक मकान में किराये पर रहता था, जहां यह महिला भी रहती थी। वह अक्सर मदद के नाम पर योगेंद्र से पैसे लेती थी और बाद में लाखों रुपये की मांग करने लगी। पैसे न देने पर उसने योगेंद्र को जेल भिजवाने की धमकी दी। महिला और नितिन मिलकर दो लाख रुपये की उगाही की मांग कर रहे थे।

पुलिस ने सबूत जुटाकर दोनों को आरोपी बनाया और गैर-जमानती वारंट जारी किए। सोमवार को महिला को सिकंदरा के बजरंग नगर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि महिला ने पहले भी एटा में कई लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के फर्जी केस दर्ज कराए थे। पुलिस अब उसके साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *