आगरा के कमला नगर में होने वाले जनकपुरी महोत्सव 2025 की तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं. रामलीला के अंतर्गत सजाई जाने वाली जनकपुरी के लिए समिति का गठन कर लिया गया है। शनिवार को कमला नगर के सेलिब्रेशन रेस्टोरेंट में आयोजित एक समारोह में मुख्य कार्यकारिणी और महिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इस दौरान समिति के मार्गदर्शक राकेश गर्ग, राजा जनक की भूमिका निभाने वाले राजेश अग्रवाल और अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया. रानी सुनयना की भूमिका निभाने वाली अंजू अग्रवाल ने भी महिला समिति की पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कार्यों पर जोर
जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि इस बार महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण को विशेष महत्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान एक भी पेड़ नहीं काटा जाएगा। इसके साथ ही मिथिला नगरी के निवासियों से अपील की गई कि वे आपसी संवाद में जय सियाराम का संबोधन अपनाएं और घरों में प्रभु राम की पूजा करें। मुरारी प्रसाद ने यह भी घोषणा की कि महोत्सव के बाद समिति द्वारा गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। यह पहल सामाजिक सरोकारों के प्रति समिति की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
महिला समिति को मिली जिम्मेदारियां
महोत्सव की मुख्य कार्यकारिणी में उमेश कंसल को महामंत्री, राम रतन मित्तल को कोषाध्यक्ष और अनिल अग्रवाल को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया. श्रीभगवान रैपुरिया और चौधरी विजेंद्र सिंह को वरिष्ठ संरक्षक, सत्य प्रकाश गुप्ता को समन्वयक और भरत महाजन को स्वागत मंत्री बनाया गया. इसके अलावा जीवनलाल अग्रवाल, राकेश मंगल, नरेंद्र बंसल, गोविंद प्रसाद अग्रवाल, विजय अग्रवाल और रामगोपाल अग्रवाल को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई. उपाध्यक्ष के रूप में महेश चंद्र अग्रवाल, हरेश चंद्र जुगनू, राकेश मित्तल, रंगेश त्यागी और अन्य को चुना गया. स्वागत समिति, सलाहकार समिति, कार्यालय प्रभारी और मीडिया प्रभारी जैसे विभिन्न पदों पर भी नियुक्तियां की गईं।
महिला समिति की कमान सीमा अग्रवाल को सौंपी गई हैं. चारू गर्ग, अंजू अग्रवाल, मीरा अग्रवाल, रिचा मांगलिक, विनीता अग्रवाल और सोनिया शर्मा को उपाध्यक्ष बनाया गया. प्रियंका अग्रवाल सचिव, मीनू त्यागी कोषाध्यक्ष और श्वेता बंसल सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त की गईं. अन्य महिला पदाधिकारियों में नीलम अग्रवाल, साधना वर्मा, शिखा अग्रवाल, रुचि अग्रवाल, शुचि गर्ग और कंचन को मंत्री की जिम्मेदारी दी गई. महिला समिति ने समारोह में जयकारे लगाकर उत्साह का प्रदर्शन किया।