आगरा। आगरा में सफाई कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल शनिवार दोपहर बाद समाप्त हो गई। इसके बाद शहर में कूड़ा उठाने का काम शुरू हुआ। इससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिली। हड़ताल के कारण सुभाष नगर, अलबतिया रोड, अशोक विहार, पृथ्वीनाथ मंदिर रोड, प्रकाश नगर, भोगीपुरा, मारुति एस्टेट, खेरिया मोड़, केदार नगर, वीके पुरम और मानस नगर जैसे इलाकों में सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए थे। बारिश के मौसम में इनसे संक्रमण का खतरा बढ़ गया था।
क्या है पूरा मामला 16 जुलाई को आगरा के सराय ख्वाजा शाहगंज में नगर निगम की टीम और कुछ दुकानदारों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान मारपीट हुई और लाठी-डंडों का उपयोग हुआ। इसमें पांच लोग घायल हुए। इसके बाद दुकानदारों की शिकायत पर सफाई इंस्पेक्टर और एक अन्य कर्मचारी सहित 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। इससे नाराज सफाई कर्मचारियों ने 17 जुलाई से हड़ताल शुरू कर दी और आरोपी दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को तीसरे दिन दोपहर बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला किया। इसके बाद नगर निगम की टीमें काम पर लौटीं और कूड़ा उठाने का काम शुरू हुआ। शहर में कई जगहों पर सड़क किनारे जमा कूड़े ने लोगों की आवाजाही को मुश्किल कर दिया था। सफाई शुरू होने से स्थिति सामान्य होने लगी और लोगों ने राहत की सांस ली।