फतेहाबाद बना सिंदूरपुरम, बादशाही बाग अब ब्रह्माबाग

आगरा जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में फतेहाबाद का नाम बदलकर सिंदूरपुरम और बादशाही बाग का नाम ब्रह्माबाग करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हो गया। यह बदलाव ऑपरेशन सिंदूर और ब्रह्मोस मिसाइल के सम्मान में किया गया है। इसके साथ ही विकास कार्यों, हरियाली अभियान और महापुरुषों के नाम पर पार्क निर्माण के प्रस्ताव भी मंजूर किए गए।

आगरा जिला पंचायत की बोर्ड बैठक सोमवार को बालूगंज स्थित कार्यालय में अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में फतेहाबाद कस्बे का नाम बदलकर सिंदूरपुरम और बादशाही बाग का नाम ब्रह्माबाग करने का प्रस्ताव पास हुआ। सिंदूरपुरम नाम ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और ब्रह्माबाग नाम ब्रह्मोस मिसाइल व भगवान ब्रह्मा के सम्मान में रखा गया है।

वर्ष 1658 में औरंगजेब ने अपने भाई दाराशिकोह को सामूगढ़ में हराकर उसका नाम फतेहाबाद रखा था। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने बताया कि गुलामी के प्रतीकों को हटाने के लिए यह बदलाव किया गया। बादशाही बाग भी विदेशी आक्रांताओं का प्रतीक था, जिसे अब ब्रह्मोस मिसाइल और भगवान ब्रह्मा के नाम पर ब्रह्माबाग नाम दिया गया है।

अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

  • बटेश्वर मेला: ताज महोत्सव की तर्ज पर बटेश्वर में मेला आयोजित किया जाएगा।
  • रेन वॉटर हार्वेस्टिंग: 300 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल के भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य।
  • हरियाली अभियान: स्कूलों, निजी भवनों, खेतों और सरकारी इमारतों में पौधरोपण।
  • आरओ प्लांट: खारे पानी की समस्या से निजात के लिए विभिन्न स्थानों पर आरओ प्लांट स्थापित किए जाएंगे।
  • मिनी स्टेडियम: बड़ौदरा खुर्द की तर्ज पर जैतपुर कलां और मेवलीकलां में मिनी स्टेडियम का निर्माण।
  • महर्षि परशुराम विश्राम स्थल: पट्टी शेखूपुर में विश्राम स्थल का निर्माण।
  • स्वयं सहायता समूह: आर्थिक रूप से कमजोर और अनुसूचित वर्ग की महिलाओं के लिए दुकानों का निर्माण।

महापुरुषों के नाम पर पार्क

वर्ष 2025-26 में जिला पंचायत द्वारा विभिन्न स्थानों पर चिल्ड्रेन पार्क और क्रीड़ास्थल बनाए जाएंगे। इनका नाम महारानी आहिल्याबाई, महर्षि परशुराम, राणा सांगा, छत्रपति महाराज, महाराजा सूरजमल, डॉ. भीमराव आंबेडकर, चंद्रगुप्त मौर्य, सम्राट अशोक मौर्य, पृथ्वीराज चौहान, महाराजा अग्रसेन, निषादराज गुहा, स्वामी विवेकानंद, महाराज मिहिरभोज, कर्पूरी ठाकुर, झलकारी बाई और लक्खीशाह बंजारा के नाम पर रखा जाएगा। कुछ स्थानों पर महापुरुषों की मूर्तियां भी स्थापित की जाएंगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *