शमशाबाद के ग्राम भनपुरा में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा और नंदन क्रीड़ा स्थल का भव्य लोकार्पण

आगरा। शमसाबाद ब्लॉक के ग्राम भनपुरा तिराहा पर मंगलवार को पुण्यश्लोका लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण और नंदन क्रीड़ा स्थल का लोकार्पण भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। जिला पंचायत आगरा के तत्वावधान में आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। यह पहल ग्राम संस्कृति, नारी सशक्तिकरण और ग्रामीण खेल चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. एसपी सिंह बघेल ने दीप प्रज्वलन और प्रतिमा अनावरण के साथ की। उन्होंने कहा, “लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर सेवा, न्याय और जनकल्याण की प्रतीक थीं। उनकी प्रतिमा ग्रामीण नारी शक्ति को प्रेरित करेगी, जबकि नंदन क्रीड़ा स्थल युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना की दिशा में सशक्त बनाएगा।” जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि यह प्रतिमा नारी सशक्तिकरण और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है, और क्रीड़ा स्थल ग्रामीण युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगा।

पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने आयोजन को सामाजिक चेतना से जोड़ते हुए कहा कि यह नई पीढ़ी को मूल्यों और कर्तव्यों की ओर लौटने का अवसर देता है। फतेहाबाद विधायक छोटेलाल वर्मा ने ग्रामीण विकास में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर जोर दिया। लोकार्पण से पहले निकाली गई रैली में सैकड़ों ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिसने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ आयोजन को जनउत्सव में बदल दिया।

कार्यक्रम में एमएलसी विजय शिवहरे, पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, ब्लॉक प्रमुख गिरजा गजेंद्र सिंह, पूर्व प्रमुख राकेश धनगर, जिला पंचायत सदस्य रामसखी, ग्राम प्रधान गुड्डी देवी, अभियंता देवेंद्र सिंह समेत कई गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी उमेश चंद्र के निर्देशन में हुआ।

स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि रानी अहिल्याबाई की प्रतिमा उनके आदर्शों को जीवंत रखेगी, और क्रीड़ा स्थल बच्चों व युवाओं के लिए खेल और विकास का नया केंद्र बनेगा। यह आयोजन ग्राम भनपुरा को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *