ताजमहल में शोरूम के प्रचार का वीडियो वायरल

आगरा। आगरा के ताजमहल परिसर में एक शर्ट शोरूम का प्रचार वीडियो बनाया गया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक एमबीए कपड़े वाले शोरूम की फ्रेंचाइजी का प्रचार करते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना ने ताजमहल की सुरक्षा और नियमों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्त पाबंदी है।

वीडियो में एक व्यक्ति युवक से पूछता है कि लोग आगरा में ताजमहल देखने आते हैं, लेकिन वह शर्ट लेकर क्यों आया। जवाब में युवक बताता है कि वह एमबीए कपड़े वाले की फ्रेंचाइजी लेकर आया है और 21 जुलाई को शोरूम का उद्घाटन होने वाला है। वह शर्ट की कीमत और ऑफर की जानकारी भी देता है, साथ ही कई शर्ट्स को प्रदर्शित करता है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सवाल उठाया कि इतनी सारी शर्ट्स ताजमहल के अंदर कैसे ले जाई गईं। ताजमहल में किसी भी तरह की व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने 27 सितंबर 2022 को आदेश जारी कर ताजमहल की परिधीय दीवार से 500 मीटर के दायरे में सभी व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगा दी थी। इस आदेश के बावजूद, प्रचार वीडियो बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

ताजमहल में इन चीजों को ले जाने पर है पाबंदी

  • विस्फोटक: ताजमहल परिसर में किसी भी प्रकार के विस्फोटक पदार्थ को पर्यटक अपने साथ नहीं ले जा सकते हैं।
  • अग्नि और धूम्रपान सामग्री: माचिस, लाइटर, सिगरेट, बीड़ी, सिगार जैसे धूम्रपान सामग्री भी अपने साथ नहीं ले जा सकते हैं।
  • अस्त्र-शस्त्र: ताजमहल में सुरक्षा एजेंसी सीआईएसएफ के अलावा कोई भी पर्यटक अस्त्र-शस्त्र के साथ प्रवेश नहीं कर सकता है।
  • पूजा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुएं: ताजमहल परिसर में ऐसी किसी वस्तु को ले जाने की इजाजत नहीं है जो पूजा में काम में आती है, जैसे आरती की थाल, धूपबत्ती, दीपक, कुमकुम, चंदन समेत अन्य।
  • खाद्य सामग्री: ताजमहल परिसर में किसी भी तरह की खाने-पीने की चीजों को ले जाने की अनुमति नहीं है। खैनी, पान मसाला, गुटखा जैसे तंबाकू उत्पादों को भी पर्यटक अपने साथ नहीं ले जा सकते हैं।
  • शराब: ताजमहल परिसर में पानी की बोतल के अलावा पर्यटक अपने साथ पैक्ड जूस, बीयर और शराब भी नहीं ले जा सकते हैं।
  • प्रचार और विज्ञापन सामग्री: ताजमहल परिसर में पर्यटक अपने साथ कोई भी वस्तु या पेम्फ्लेट, हैंडबिल, बैनर समेत अन्य सामग्री नहीं ले सकते हैं। जिससे किसी भी तरह का प्रचार किया जा सके।
  • वीडियो कैमरा और ट्राईपॉड पर रोक: ताजमहल परिसर में बिना अनुमति के कोई ट्राईपॉड और वीडियो कैमरा नहीं ले जा सकते हैं।
  • इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: ताजमहल परिसर में सिर्फ मोबाइल ले जाया जा सकता है। अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और गैजेट नहीं ले जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *